इटावा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे स्थित फूड प्लाजा की पार्किंग में खड़ी कार का शीशा तोड़कर नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को सैफई थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 97,500 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध .315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद सेक्टर-48 निवासी सारिका सिंह अपने परिवार के साथ बलिया से फरीदाबाद लौट रही थीं। रास्ते में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 104 स्थित फूड प्लाजा पर नाश्ते के लिए रुकीं। जब परिवार वापस लौटा तो कार का शीशा टूटा हुआ मिला और गाड़ी में रखे नकदी व जेवरात से भरे दो पर्स गायब थे। मामले में थाना सैफई में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी उसरई पुलिया के पास अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मनोज कुमार निवासी हैवरा, थाना सैफई को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से नकदी और चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी अरविन्द दुबे उर्फ मोनू के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बंद कर नदी में फेंकने की भी जानकारी दी। पुलिस अब फरार आरोपी अरविन्द दुबे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत, इटावा
