गाजीपुर: करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 211/26 में वांछित अभियुक्त ग्राम नेवादा के पास फरार होने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी विशाल यादव के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाराचवर भेजा गया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: गाजीपुर ब्यूरो
