शाहजहांपुर: जिले के निगोही थाना क्षेत्र की गांधीनगर कॉलोनी में पुलिस दबिश के दौरान एक सर्राफा व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश गुप्ता के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर छत से धक्का देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि मामले को लेकर स्थानीय व्यापारियों में भी भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, देर रात पुलिस एक मामले में उमेश गुप्ता के घर दबिश देने पहुंची थी। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पुलिस से वारंट दिखाने को कहा। इसी बीच उमेश गुप्ता कथित तौर पर छत पर चले गए। आरोप है कि पुलिसकर्मी भी उनके पीछे छत पर पहुंचे और कुछ देर बाद वहां से चले गए। इसके बाद परिजनों ने मकान के पीछे गली में उमेश गुप्ता का शव पड़ा देखा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए विरोध शुरू कर दिया। परिजनों ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है और पोस्टमार्टम के लिए शव भेजने से भी इनकार कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ में हुई एक सर्राफा चोरी के मामले में पुलिस को संदेह था कि चोरी का कुछ चांदी का सामान व्यापारी को बेचा गया था। इसी सिलसिले में पुलिस उनके घर पहुंची थी। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। घटना की जांच जारी है और मौत की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
रिपोर्ट: महेन्द्र चावला, शाहजहांपुर
