बहराइच: नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब सीमावर्ती जनपद बहराइच में भी देखने को मिल रहा है। बढ़ते जलस्तर के कारण मोतीपुर तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। सुजौली इलाके के कई गांवों में पानी घुसने से जनजीवन प्रभावित हो गया है, जबकि संपर्क मार्गों पर जलभराव होने से ग्रामीणों की आवाजाही में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में पानी भर जाने के कारण दैनिक जरूरत का सामान लाने के लिए बाजार तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। कई रास्ते जलमग्न होने से लोगों को लंबा और जोखिम भरा रास्ता अपनाना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई, किसानों की खेती और सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत कार्य तेज किए जाएं, आवागमन की व्यवस्था बहाल की जाए और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया जा रहा है।
रिपोर्ट: अनुज जायसवाल, बहराइच
