एटा। एटा पुलिस ने मोबाइल की दुकान में सेंध लगाकर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बागवाला थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप, 10 की-पैड मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ईयरबड्स, चार्जर, डाटा केबल सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है।
इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए बरमा और लोहे का सब्बल भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर संयुक्त टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया।
क्षेत्राधिकारी सदर संकल्प दीप कुशवाहा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का अन्य चोरी की घटनाओं से भी कोई संबंध है या नहीं।
