प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना में मेडिकल स्टोर संचालक देवेंद्र यादव की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र यादव अपने मेडिकल स्टोर पर मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने जीजा से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर देवेंद्र यादव को गोली मार दी।
गोली लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने गंभीर रूप से घायल देवेंद्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन बाजार में मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही कोहंडौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि गोली चलाने की वास्तविक वजह का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
