औरैया। औरैया पुलिस ने तंत्र विद्या के नाम पर महिलाओं को झांसा देकर टप्पेबाजी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहायल थाना पुलिस को यह सफलता मिली।
थानाध्यक्ष रमेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों तंत्र विद्या और झाड़-फूंक का झांसा देकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाते थे और उनसे टप्पेबाजी की वारदात को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य किन-किन मामलों में शामिल रहे हैं और कितने लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी अभिषेक भारती ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
