बुलंदशहर। बुलंदशहर के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों की जान चली गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, भाई अपनी बहन के साथ कथित मारपीट की सूचना मिलने पर उसे लेने उसकी ससुराल गया था। बहन को लेकर वह वापस अपने मायके अहमदगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है।
