कानपुर नगर। कानपुर पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और फजलगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ऑल्टो कार से करीब 15.5 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।
पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, चरस की यह खेप नेपाल के रास्ते भारत लाई गई थी, जिसे महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों में सप्लाई किया जाना था।जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक का भाई भी चरस तस्करी के मामले में महाराष्ट्र की जेल में बंद है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नशा तस्करी से होने वाली अवैध कमाई को इवेंट मैनेजमेंट और अन्य वैध कारोबारों में निवेश कर उसे सफेद (मनी लॉन्ड्रिंग) करने का प्रयास करते थे।फिलहाल पुलिस तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की अवैध संपत्तियों को जब्त (सीज) करने की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
