रिपोर्ट: प्रवीन कुमार शर्मा | 4TV News, बरेली
बरेली। बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंशीय पशु के कथित अवैध वध की तैयारी कर रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, परसोना नहर के पास कुछ लोगों द्वारा गोवंशीय पशु के अवैध वध की तैयारी किए जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान जुनेद, राशिद, नसीम और मोहम्मद फजर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान राशिद और नसीम के पैर में गोली लगी। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से एक सांड तथा कथित रूप से वध में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद करने का दावा किया है। वहीं, मोहम्मद कासिम कुरैशी नामक एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने गोवंशीय पशु उपलब्ध कराने के मामले में शाकिर खान का नाम लिया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच करते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई जारी है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें सक्रिय हैं।
