श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जनपद में राप्ती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहरा गया है। नदी खतरे के निशान 127.70 मीटर को पार करते हुए 127.80 मीटर पर बह रही है। जलस्तर बढ़ने से तराई क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
राप्ती नदी हर वर्ष श्रावस्ती में बाढ़ का विकराल रूप धारण कर सैकड़ों गांवों के जनजीवन को प्रभावित करती है। कई गांवों में बाढ़ के कारण लोगों को अपने घर छोड़ने तक की नौबत आ जाती है। ऐसे में इस बार भी नदी के खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
प्रशासन के अनुसार, संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। फिलहाल प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
