रिपोर्ट: महेंद्र चावला | 4TV News, शाहजहांपुर
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुड़िया कुरमियात गांव में पड़ोसी की कच्ची दीवार एक पक्के मकान पर गिरने से मकान का लिंटर और दीवारें ढह गईं। हादसे में मलबे के नीचे दबकर चाचा और उसके तीन वर्षीय भतीजे की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अरविंद का हाल ही में पक्का मकान बना था। सोमवार को लगातार हो रही बारिश के बीच पड़ोसी की भारी-भरकम कच्ची दीवार अचानक मकान पर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर राजन, उनका तीन वर्षीय भतीजा अरव और बच्चे की मां काजल मौजूद थे।
मलबा गिरने से राजन और मासूम अरव उसकी चपेट में आ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं काजल गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबा हटाया और घायलों को बाहर निकाला।
घायल काजल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
