A pregnant newlywed woman was brutally beaten and almost burned alive for serving burnt bread.
जनपद सीतापुर। से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जली रोटी देने की मामूली बात पर गर्भवती नवविवाहिता को उसके पति और ससुराल वालों ने बेरहमी से पीटा और जिंदा जलाने की कोशिश की।
मामला सीतापुर जनपद के थाना लहरपुर क्षेत्र के मुशियाना मोहल्ले का है। पीड़िता की शादी को अभी मात्र 9 महीने ही हुए थे और वह 5 महीने की गर्भवती है। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और आए दिन मारपीट की जाती थी।
पीड़िता ने बताया कि घटना उस समय हुई जब पति खाना खा रहा था। रोटी थोड़ी सी जल जाने पर पति ने आपा खो दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उस पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई। दर्द और डर से पीड़िता चीखने-चिल्लाने लगी।
शोर सुनकर पास ही रहने वाली पीड़िता की मां मौके पर पहुंची, लेकिन ससुराल वालों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में पीड़िता की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़िता का आरोप है कि पति और उसके परिजन लगातार उसे जान से मारने और जिंदा जला देने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
