रिपोर्ट: सचिन पवार | 4TV News, मेरठ
मेरठ। जनपद मेरठ के खरखौदा ब्लॉक की ग्राम पंचायत अतराड़ा में राशन वितरण को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने राशन डिपो होल्डर सोनू पर पिछले तीन माह से राशन नहीं देने और वितरण में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि राशन लेने के लिए पहुंचने पर डिपो होल्डर द्वारा दी गई पर्चियां तक फाड़ दी जाती हैं। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि डिपो होल्डर बिना कांटे के चुनिंदा लोगों को ही राशन वितरित कर रहा है। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने राशन डिपो पर प्रदर्शन किया और मौके पर थाना पुलिस को बुला लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और शिकायत खाद्य एवं रसद विभाग को सौंप दी। इस संबंध में सप्लाई इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि अतराड़ा गांव से लंबे समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
