बागपत। जनपद बागपत के सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में पुलिस और एक इनामी आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं के मामलों में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बागपत पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा।
