सीतापुर। जनपद सीतापुर के रेउसा थाना क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस सड़क के गड्ढे से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।
यह हादसा रेउसा थाना क्षेत्र के सोनावा गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, तंबौर से यात्रियों को लेकर लखनऊ जा रही एक प्राइवेट बस सड़क पर बने गहरे गड्ढों से बचने के प्रयास में संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे खेत में पलट गई।
बस पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की। हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनावा गांव के पास सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
पुलिस और प्रशासन ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
