ललितपुर। बानपुर मार्ग स्थित एनएच-44 (सागर हाईवे) पर देवी सिंह कॉलोनी के निवासी वर्षों से सड़क और नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क और नालियों के अभाव में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाती है। सड़कों और खाली प्लॉटों में कई दिनों तक पानी भरा रहने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वर्षों बीत जाने के बावजूद कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं का विकास नहीं हो सका है। उनका कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है तथा गंदगी के चलते बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।
कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से जल्द सड़क एवं नाली निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान होने वाली समस्याओं से स्थायी राहत मिल सके।
