सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में नैमिषारण्य-मिश्रिख मार्ग पर कांवड़ियों से भरी एक बस और ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए, जबकि बस में सवार सभी कांवड़िए सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
यह दुर्घटना मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत से कांवड़ियों को लेकर एक बस नैमिषारण्य पहुंची थी। जल भरने के बाद कांवड़िए बस से वापस गोला गोकर्णनाथ की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान नैमिषारण्य-मिश्रिख मार्ग पर सामने से आ रहे ऑटो से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
