फिरोजाबाद। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया, फिरोजाबाद द्वारा “तिरंगा यात्रा — एक युद्ध प्रदूषण के विरुद्ध” का आयोजन किया गया। यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के जनरल सेक्रेटरी मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छ वातावरण, प्रदूषण मुक्त भारत तथा राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
यात्रा सुबह 9 बजे इस्लामिक सेंटर से शुरू होकर रामगढ़ थाना, रसूलपुर थाना, सिटी ऑफिस, एकरा कॉन्वेंट स्कूल और ओशन गार्डन होते हुए पुनः इस्लामिक सेंटर पहुंची, जहां करीब 10:30 बजे इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर हाजी असलम अदीब, हाजी राशिद पहलवान, अयाज खान, नसीम अख्तर, हसीन अहमद, वसीम अहमद, शहबाज खान, फैसल अहमद, दानिश अहमद, आदिल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मौलाना आलम मुस्तफा याकूबी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का उत्सव नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी और प्रदूषण मुक्त वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है तथा पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे तो एक स्वच्छ, स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव होगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।
