जालौन। जनपद के गोहन थाना क्षेत्र के नावर गांव से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक एक अन्य युवक के साथ मारपीट करते और कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि पीड़ित युवक से जबरन पैर छुलवाए गए और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों का भी प्रयोग किया गया। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो 14 अगस्त का है।
वीडियो में एक युवक दूसरे युवक की पिटाई करता नजर आ रहा है, जबकि वह अपने साथियों से घटना का वीडियो बनाने के लिए भी कहता दिखाई देता है। आरोप है कि इस दौरान पीड़ित के साथ अभद्रता की गई और उसे जबरन पैर छूने के लिए मजबूर किया गया।
मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। माधौगढ़ क्षेत्राधिकारी अंबुज यादव ने बताया कि वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में है। वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले और पीड़ित दोनों युवकों की पहचान कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि मामले में एक शिकायती पत्र भी प्राप्त हुआ है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
