Fog Triggers Tragic Accident in Lakhimpur Kheri, Four Dead Including Three Children
लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश): जिले के धौरहरा क्षेत्र में शनिवार देर रात घने कोहरे के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे लोगों की टेंपो अनियंत्रित होकर पुलिया पर पलट गई। इस हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसा रात करीब 12:45 बजे उस समय हुआ, जब धौरहरा से ऊंचगांव लौट रही टेंपो कोहरे की वजह से पुलिया पर पलट गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भेजा गया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने खुशबू (12), अबू तालिब (5) और अजरा (2) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30) को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
ये लोग हुए घायल
हादसे में किस्मतुन (45), साकिया (20), सादिया (22), निदा (10) और अकील (18) घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
