एटा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने पुलिस लाइन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने परिवहन शाखा (एमटी), डायल 112 कार्यालय तथा निर्माणाधीन स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता, डिजाइन और निर्धारित समयसीमा के अनुसार प्रगति का बारीकी से आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने निर्माण एजेंसी को कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समय पर पूरे किए जाएं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के निरीक्षणों का उद्देश्य पुलिस संसाधनों को बेहतर बनाना और अधोसंरचना विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना है।
