जालौन। कुठोंद थाना क्षेत्र के ग्राम मसगांव में शुक्रवार को यमुना नदी में स्नान करने गया 14 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, किशोर यमुना नदी में नहाने गया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही कुठोंद थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया।
गोताखोर संभावित स्थानों पर लगातार किशोर की तलाश में जुटे हैं। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद हैं, जो किशोर के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। फिलहाल किशोर का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
