अंबेडकरनगर। अंबेडकरनगर में भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कमेटी घोषित होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। नई कमेटी में शामिल किए गए पदाधिकारियों को भाजपा विधायक धर्मराज निषाद ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विधायक धर्मराज निषाद ने कहा कि पार्टी ने संगठन में योग्य और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अभी से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अंबेडकरनगर की पांचों विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।
नई जिला कमेटी में जिम्मेदारी मिलने पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने विधायक धर्मराज निषाद का आभार जताया। पदाधिकारियों ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में पूरी सक्रियता के साथ काम करने का संकल्प लिया।
भाजपा की नई जिला कमेटी के गठन के बाद जिले में पार्टी की आगामी रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर भी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
