झांसी। झांसी में 6 अगस्त को हुए भीषण सड़क हादसे का कथित सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य साथी घायल हुए थे।
सामने आए वीडियो में कथित तौर पर देखा जा सकता है कि जिस क्रेटा कार में आबान अहमद और उसके साथी सवार थे, वह तेज रफ्तार में कानपुर हाईवे पर दौड़ रही थी। वीडियो के अनुसार, कार पहले सड़क से नीचे उतरी और इसके बाद हाईवे की दीवार से जोरदार टक्कर मारते हुए कई फीट ऊपर उछल गई।
यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास कानपुर हाईवे पर हुआ था। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। हादसे में आबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोगों का उपचार कराया गया।
अब सामने आए कथित सीसीटीवी वीडियो के बाद हादसे की परिस्थितियों को लेकर नई जानकारी सामने आई है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस पहले से ही दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
