बरेली के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 13 साल की किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बकरी चराने गई किशोरी को दो युवक जबरन गन्ने के खेत में खींचकर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की 13 वर्षीय किशोरी शाम अपने छोटे भाई के साथ गांव के बाहर बकरी चराने गई थी। इसी दौरान उसका छोटा भाई कुछ दूरी पर खेल रहा था। आरोप है कि पड़ोसी गांव का रहने वाला विमलेश अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा और दोनों किशोरी को जबरन पास के गन्ने के खेत में खींचकर ले गए।
पीड़िता के आरोप के मुताबिक, खेत में दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। किशोरी किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही किशोरी की मां उसे लेकर नवाबगंज थाने पहुंचीं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर विमलेश और उसके साथी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। किशोरी के बयान दर्ज कराने के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नवाबगंज पुलिस, एसओजी समेत तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
