चित्रकूटधाम कर्वी। आगामी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे में चलाए जा रहे आपराधिक रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु चेकिंग अभियान के दौरान क्राइम विंग (D&I) झांसी और रेसुब पोस्ट चित्रकूटधाम कर्वी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 18203 बेतवा एक्सप्रेस से 63 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। टीम ने एक 60 वर्षीय व्यक्ति को पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान बहिलपुरवा और चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशनों के बीच करीब 11:20 बजे बेतवा एक्सप्रेस के बी-3 कोच की बर्थ संख्या 19 पर यात्रा कर रहे 60 वर्षीय प्रीतमदास पुत्र स्व. चेतनदास, निवासी सतना, मध्य प्रदेश, को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग और थैले की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। रकम की गिनती बैंक कर्मचारी एवं नोट गिनने वाली मशीन की सहायता से कराई गई। गिनती में कुल 63,00,000 रुपये (तिरेसठ लाख रुपये) पाए गए।
पूछताछ में प्रीतमदास ने बताया कि संजय उर्फ संजू नामक व्यक्ति ने उसे यह रकम सतना से कानपुर पहुंचाने के लिए दी थी। हालांकि, इतनी बड़ी रकम को अपने पास रखने और ले जाने के संबंध में वह कोई वैध अधिकार पत्र अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
मामले की सूचना उप निदेशक, आयकर विभाग, कानपुर नगर एवं आयकर अधिकारी, आयकर विभाग, बांदा को दी गई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए मामले को आयकर विभाग के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की गई।
इस कार्रवाई में क्राइम विंग (D&I) झांसी के स.उ.नि. नवीन कुमार, प्र.आ. उमेश कुमार, प्र.आ. तौसीफ खान एवं आ. सुरेंद्र सिंह बिष्ट तथा रेसुब पोस्ट वीजीएलजे के उ.नि. विनोद मिश्रा एवं प्र.आ. रमेश चंद विश्वकर्मा शामिल रहे।
अब जांच का विषय यह है कि बरामद 63 लाख रुपये किसके हैं, रकम का स्रोत क्या है और इसे सतना से कानपुर क्यों ले जाया जा रहा था। इन सवालों का खुलासा आयकर विभाग की जांच के बाद होने की उम्मीद है।
