महोबा। जिले के महोबकंठ थाना क्षेत्र के पिपरी गांव में नशे की हालत में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान 30 वर्षीय युवक की कथित तौर पर सड़क पर पटककर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान धर्मेंद्र उर्फ बबलू (30 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान आरोपी ने धर्मेंद्र को सीसी सड़क पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी के पिता ने स्वयं डायल 112 पर फोन कर पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पनवाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी कुलपहाड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
