सीतापुर। जिले के सकरन थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कोटरा पुल के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में 60 वर्षीय रमाशंकर चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सकरन थाना क्षेत्र के भिटमनी गांव निवासी रमाशंकर चौरसिया के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
