झांसी। झांसी पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी के साथ-साथ पुलिस की नकली वर्दियां, सायरन और एक फर्जी थाना भी बरामद किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति ने बताया कि कार्रवाई कटेरा थाना क्षेत्र के कार्डोर, मोरयाना और खोरियाना गांवों में की गई। पुलिस ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी कर साइबर ठगी में शामिल 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
घर में बना रखा था फर्जी थाना
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने गांव के एक मकान के कमरे को फर्जी थाना का रूप दे रखा था। वहां पुलिस जैसी नकली वर्दियां, पुलिस वाहनों में इस्तेमाल होने वाले सायरन और अन्य सामान रखे गए थे। इनका इस्तेमाल लोगों को पुलिस अधिकारी बताकर डराने और ठगी को अंजाम देने के लिए किया जाता था।
भारी मात्रा में सामान और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 मोबाइल फोन, 35 डेबिट कार्ड, 284 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 1,400 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। बरामद सोने-चांदी के आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 46 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ जारी, हो सकती हैं और गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी साइबर ठगी के जरिए लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करते थे। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है, जिसके चलते आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
