सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित सीतापुर-लखनऊ हाईवे पर दो ट्रकों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ट्रक का टायर फटने के बाद उसकी डीजल टंकी फट गई, जिससे ट्रक में आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़े दूसरे ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे पर धुएं का गुबार उठने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
