महोबा। खन्ना थाना क्षेत्र के ग्योड़ी गांव के पास सीओह नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 17 वर्षीय सत्यम तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद से किशोर की तलाश में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सत्यम अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया। साथियों द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू कराई। बाद में जालौन से एसडीआरएफ (SDRF) और मौदहा की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया, जो लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटनास्थल पर अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह भी पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, नदी में जलस्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
किशोर के डूबने की सूचना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक पिछले 12 घंटे से रेस्क्यू अभियान जारी था और किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।
