बुलंदशहर। सदर तहसील क्षेत्र के चरौरा मुस्तफाबाद गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक गरीब मजदूर का कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक मासूम बच्ची घायल हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा। गनीमत रही कि समय रहते उसे बचा लिया गया।
मकान गिरने से परिवार का पूरा आशियाना उजड़ गया। घर में रखा सामान भी मलबे में दब गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अब पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने गरीब परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
