बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव फरीदपुर में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है।
परिजनों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों द्वारा लगातार प्रताड़ित और मारपीट किए जाने से युवक मानसिक रूप से परेशान था। मृतक के भाई का कहना है कि इसी उत्पीड़न से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया।
घटना के बाद परिजन युवक को तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
