बलरामपुर। हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र के बरदौलिया बाजार में मुख्य तिराहे पर ई-रिक्शाओं के लगातार जमावड़े से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर अनियंत्रित ढंग से खड़े ई-रिक्शाओं के कारण ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों बाबूलाल कसौधन, तिलक राम गुप्ता, कामेश्वर नाथ मिश्र, रामकुमार यादव, रवि जायसवाल और सोनू गुप्ता ने बताया कि तिराहे पर बड़ी संख्या में ई-रिक्शा खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। इससे ग्राहकों का दुकानों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है और कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि तिराहे पर ई-रिक्शाओं के अनियंत्रित खड़े होने पर रोक लगाई जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
