झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके एक साथी की मौत हो गई। हादसे में एसयूवी सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि एक एसयूवी चालक का वाहन से नियंत्रण खोने के बाद डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि मृतकों की पहचान अबान अहमद, निवासी प्रयागराज, और सोनू के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, अबान अहमद अपने दो भाइयों से मिलने झांसी जा रहा था, जो यहां जेल में बंद हैं। रास्ते में यह हादसा हो गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
