एटा। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान एक महिला मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतका की पहचान रिंकी, निवासी गांव जिन्हेंरा, थाना मिरहची के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण उनकी मौत हुई। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्डों पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
