मिर्जापुर। जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंगपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गंगा नदी पर बन रहे सिक्स लेन पुल के निर्माण कार्य के दौरान कंपनी ने जेसीबी से कई गहरे गड्ढे खोदे थे। लगातार बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर गया था। खेलते समय दोनों मासूम पानी से भरे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
