बागपत। बागपत के हिसावदा गांव में पूर्व राज्यपाल एवं किसान नेता स्वर्गीय सतपाल मलिक की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में किसानों के कर्ज माफ किए थे। उन्होंने भाजपा से सवाल किया कि उसने किसानों का कौन-सा कर्ज माफ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के मुद्दे पर किसानों को गुमराह कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुरूप एमएसपी मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि दवाइयों के बढ़ते दामों से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
स्वर्गीय सतपाल मलिक को श्रद्धांजलि देते हुए हुड्डा ने कहा कि छात्र जीवन से ही उनके साथ उनके घनिष्ठ संबंध रहे। उन्होंने कहा कि सतपाल मलिक हमेशा किसानों के अधिकारों और सच्चाई की आवाज बुलंद करते रहे तथा बिना किसी डर के अपनी बात रखते थे।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव नवाब अहमद हमीद ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हाल के उपचुनावों में जनता ने भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया है और युवाओं का आंदोलन देश में बदलाव का संकेत दे रहा है।
नवाब अहमद हमीद ने जयंत चौधरी की सराहना करते हुए कहा कि वे पढ़े-लिखे, योग्य और सक्षम नेता हैं। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में उन्हें देश का शिक्षा मंत्री बनने का अवसर मिलता है तो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा सकती है।
