जालौन। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बुधवार को एआरटीओ (ARTO) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों, अभिलेखों और दस्तावेजों की गहन जांच कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया की समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सिस्टम में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।
डीएम अरविंद सिंह ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी या उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही, भ्रष्टाचार या शिकायत सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी सेवाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
