लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 13 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है। जारी आदेश के तहत कई मंडलों के मंडलायुक्त, विभागीय सचिव, निगमों के प्रबंध निदेशक और विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सरकार का कहना है कि इस फेरबदल का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुचारु बनाना है।
तबादला सूची के अनुसार अनिल ढींगरा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें निदेशक, नगर भूमि सीमारोपण और सचिव, आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल, वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल, डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडल तथा शुभम कुमार को बरेली मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ (PCDF) का प्रबंध निदेशक, सौम्या अग्रवाल को श्रमायुक्त, संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PuVVNL) का प्रबंध निदेशक तथा डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में भूपेंद्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग का सचिव, पुष्प राज सिंह को नोएडा प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी और सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
वहीं रविन्द्र को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
