नई दिल्ली। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव परिणाम पर समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान रामगोपाल यादव ने कहा कि बांकीपुर और अन्य उपचुनावों के नतीजे देश की जनता के बदलते राजनीतिक रुझान को दर्शाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बहुमत के आधार पर मनमाने तरीके से कानून पारित कर रही है और जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा, “अब हद हो चुकी है। जनता सब देख रही है और आने वाले समय में भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।”
रामगोपाल यादव ने आरोप लगाया कि सरकार बड़े उद्योगपतियों के हित में कानून बना रही है, जबकि आम जनता से जुड़े मुद्दों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता अंतिम निर्णय करती है और चुनाव परिणाम उसी दिशा का संकेत दे रहे हैं।
इससे पहले संसद में राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर भी रामगोपाल यादव ने अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि यदि राजनीतिक इच्छाशक्ति हो तो हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है और मंदिर निर्माण में देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने आर्थिक सहयोग दिया है, इसलिए उनकी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है। इसके बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं।
