जौनपुर/उन्नाव: सावन के सोमवार पर काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन कर उन्नाव लौट रहे पांच दोस्तों की कार जौनपुर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से कार टकरा जाने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा सोमवार तड़के बक्सा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास नेता ढाबा के सामने हुआ। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन ट्रक के नीचे फंस गया।
मृतकों की पहचान उन्नाव शहर की आवास विकास कॉलोनी निवासी अनिल शुक्ला और अखिलेश शुक्ला के रूप में हुई है। वहीं शोभित शुक्ला, संदीप मिश्रा और शोभित श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त सावन के सोमवार पर बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए वाराणसी गए थे। दर्शन के बाद सभी ने मंदिर परिसर के बाहर एक साथ तस्वीर भी खिंचवाई और फिर उन्नाव के लिए रवाना हो गए। वापसी के दौरान जौनपुर में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
सूचना मिलते ही बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा। वहीं दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे की खबर जैसे ही उन्नाव स्थित आवास विकास कॉलोनी पहुंची, मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल जौनपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
