अहमदाबाद: गुजरात के सूरत में स्थित नक्षत्र सेफ हाउस में लॉकर से करोड़ों रुपये के सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने सेफ हाउस के मालिक महेशभाई डाह्याभाई देवरा और उनके दो बेटों हर्ष देवरा व हरिकृष्ण देवरा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि ग्राहकों के लॉकर तोड़कर करीब 206 तोला सोने के गहने, जिनकी कीमत लगभग ₹2.68 करोड़ है, चोरी किए गए।
जानकारी के मुताबिक, चोरी की घटना सिंगानपोर कॉजवे रोड स्थित नक्षत्र सेफ हाउस में सामने आई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लॉकर धारक अपने कीमती सामान की सुरक्षा जांचने के लिए मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान पता चला कि कम से कम छह ग्राहकों के लॉकर से सोने के गहने गायब हैं।
पीड़ितों की शिकायत के आधार पर सिंगानपोर पुलिस स्टेशन में महेशभाई देवरा, उनके दोनों बेटों और लॉकर तोड़ने के आरोपी मणिलाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेशभाई और उनके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले की आगे जांच जारी है।
घटना के बाद सिंगानपोर के अलावा वराछा स्थित नक्षत्र सेफ हाउस की अन्य शाखाओं में भी लॉकर धारकों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपने लॉकर में रखे गहनों और नकदी की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी किए गए गहनों की बरामदगी के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। वहीं, इस घटना ने निजी लॉकर सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
