बुरहानपुर। जिले के खकनार ब्लॉक से जुड़े बसाली–कुंडिया मार्ग की जर्जर हालत को लेकर सोमवार को सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने खराब सड़क पर खड़े होकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और जल्द से जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग की। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि बसाली से कुंडिया तक का यह मार्ग आजादी के बाद से अब तक बदहाल स्थिति में है। बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। यही रास्ता बसाली, साईखेड़ा, नागझिरी, आमगांव, उसारणी, नांदुरा समेत सात से अधिक गांवों के लिए खकनार पहुंचने का सबसे नजदीकी मार्ग है।
ग्रामीणों के अनुसार तहसील, अस्पताल, स्कूल, वन विभाग और अन्य सरकारी दफ्तरों तक पहुंचने के लिए इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है। खराब सड़क के कारण मरीजों, छात्रों, किसानों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. रवि कुमार पटेल ने कहा कि यदि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। वहीं जनपद सदस्य गणेश मावस्कर, उपसरपंच देविदास और नंदू पटेल ने भी सड़क निर्माण की मांग का समर्थन करते हुए आंदोलन की चेतावनी दोहराई।
छात्र गणेश ने बताया कि खराब सड़क की वजह से रोज स्कूल पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं छात्र राम ने कोरकू भाषा में पक्की सड़क बनाने की अपील की। अन्य ग्रामीणों ने भी सरकार और प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कुंडिया फाटा मार्ग पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
