लखनऊ: उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आज पार्टी की एक अहम बैठक आयोजित की गई है। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह नई प्रदेश टीम के साथ संगठनात्मक रणनीति और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करेंगे।
बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के पदाधिकारी प्रदेश मुख्यालय पहुंच चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, बूथ स्तर पर पार्टी को और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय सह-प्रभारी नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे के बाद पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर भी चर्चा होने की संभावना है।
भाजपा की इस बैठक को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक के बाद पार्टी की आगामी रणनीति और कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आ सकती है।
