दमोह: मध्यप्रदेश के दमोह शहर के तीन गुल्ली चौराहा स्थित एक स्पा सेंटर पर अवैध गतिविधियों की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवक और तीन युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया तथा स्पा सेंटर के संचालक सहित कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं सीएसपी एच.आर. पांडे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार और एसआई सविता रजक के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, मौके से जांच से संबंधित कुछ संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है।
सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि सूचना के आधार पर गठित टीम ने दबिश देकर भगवानदास, अंकुर और पप्पू नामक तीन युवकों को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा। वहीं तीन युवतियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक जांच में स्पा सेंटर का संचालक मुहम्मद आफताब अली, निवासी रीवा, सामने आया है। पुलिस ने संचालक सहित कुल सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
