दतिया: मध्यप्रदेश के दतिया जिले में विधानसभा उपचुनाव के दौरान लागू आदर्श आचार संहिता के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर प्रदर्शन के चलते करीब छह घंटे से यातायात बाधित है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे समर्थकों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बताया जा रहा है कि जाम का असर झांसी सीमा तक पहुंच गया है, जबकि आंतरी की ओर भी लंबी दूरी तक वाहन फंसे हुए हैं। इस कारण राहगीरों, मरीजों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बीच प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस मुख्यालय (PHQ) से भी मांग की गई है।
पुलिस और प्रशासन जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं। प्रदर्शन और यातायात बहाली की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
