दतिया: मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने वाले गुंडों, बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर जैसी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रशासन के अनुसार, पूरे जिले में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमों ने चेकिंग के दौरान अब तक 19 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। इस संबंध में आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है और आगे भी निगरानी एवं कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और मतदान के दिन बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
