मंदसौर: मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर की सम्यक डायमंड कॉलोनी में एक घर के कुएं में कोबरा सांप के करीब 20 जीवित बच्चे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी भेरूलाल के घर स्थित कुएं में कोबरा के बच्चों को देखा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सर्प मित्र कमलदास बैरागी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कमलदास बैरागी मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर कुएं से सभी कोबरा के बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में सभी सांपों को प्राकृतिक आवास के लिए सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
सर्प मित्र कमलदास बैरागी ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप सहित कई वन्यजीव सुरक्षित स्थान की तलाश में रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी भी जहरीले जीव को स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
